भोपाल, 4 अक्टूबर 2025।
शहर के प्रोफेशनल आर्किटेक्ट्स और इंटीरियर डिजाइनर्स के प्रतिष्ठित संगठन इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ इंटीरियर डिजाइनर्स (IIID), भोपाल रीजनल सेंटर की नई कार्यकारिणी (कार्यकाल 2025-27) का शपथ ग्रहण समारोह शनिवार को होटल Radisson में सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर आईआईआईडी इंडिया के प्रेसीडेंट और APSDA के वाइस प्रेसीडेंट, आर्किटेक्ट जिग्नेश मोदी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने नई कार्यकारिणी और नव निर्वाचित सदस्यों का उत्साहवर्धन किया और संगठन की भविष्य की दिशा को लेकर मार्गदर्शन दिया।
नई कार्यकारिणी की कमान आर्किटेक्ट अंकुश नारायण पथे ने चेयरमैन के रूप में संभाली। उनके साथ आर्किटेक्ट दिव्या सिंघल (सेक्रेटरी), श्री अमित दुबे (कोषाध्यक्ष), आर्किटेक्ट ऋषि साहू (पूर्व अध्यक्ष), आर्किटेक्ट मनोज चौबे और इंटीरियर डिजाइनर रवीशा मर्चंट (मैनेजिंग कमिटी सदस्य) शामिल रहे। इसके अतिरिक्त राकेश जैन (वाईस चेयरमैन ट्रेड) और चेतन पटेल भी ट्रेड फ्रेटर्निटी से सदस्य के रूप में नियुक्त किए गए।
आईआईआईडी की स्थापना वर्ष 1972 में हुई थी और आज देशभर में इसके 8500 से अधिक प्रोफेशनल आर्किटेक्ट्स और इंटीरियर डिजाइनर्स सदस्य हैं। वर्तमान में संगठन के 53 चैप्टर देशभर में और एक चैप्टर दुबई में भी सक्रिय है।
आईआईआईडी भोपाल की शुरुआत 2012 में हुई थी और यह केंद्र नए विचारों और नवाचार के लिए जाना जाता है। अब तक संगठन ने 125 से अधिक प्रोफेशनल्स को एक साझा मंच पर लाकर शहर और समाज में आर्किटेक्चर और डिजाइन के माध्यम से गुणवत्ता सुधार में अहम योगदान दिया है।
समारोह का समापन शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम और डिनर के साथ हुआ।




